समाजवादी अधिवक्ता समाज का भव्य शक्ति प्रदर्शन , मनोनयन पत्र वितरण समारोह में उमड़ा जन सैलाब

Mar 29, 2026 - 12:34
Mar 29, 2026 - 12:35
 0  1

मवई,अयोध्या, सहयोग मंत्रा । तहसील रुदौली में समाजवादी अधिवक्ता सभा द्वारा आयोजित मनोनयन पत्र वितरण समारोह शनिवार को एक बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, समाजवादी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा सभागार खचाखच भरा नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री अब्बास अली जैदी उर्फ रूशदी मियां रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पारस नाथ यादव (पूर्व जिला अध्यक्ष) ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक कई वरिष्ठ अधिवक्ता और पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

सम्मानित अतिथियों में शावेज़ जाफरी एडवोकेट (राष्ट्रीय महासचिव, अधिवक्ता सभा), राम करन यादव (जिला अध्यक्ष अधिवक्ता सभा) एवं विनोद लोधी एडवोकेट (रुदौली विधानसभा) प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुदौली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी अजीमुद्दीन एडवोकेट ने की, जबकि आयोजन की कमान प्रमोद यादव एडवोकेट (तहसील अध्यक्ष, अधिवक्ता सभा) ने संभाली। संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल हई खां ने प्रभावी ढंग से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के भव्य स्वागत से हुई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी अजीमुद्दीन समेत वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सभी अतिथियों को फूल मालाओं से लादकर उनका जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में चौधरी अजीमुद्दीन एडवोकेट ने कहा कि रुदौली क्षेत्र के सभी अधिवक्ता समाजवादी विचारधारा के साथ खड़े हैं और 2027 के चुनाव में पार्टी जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी, सभी अधिवक्ता एकजुट होकर उसे विजय दिलाने का काम करेंगे।

उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान की मांग रखी।हर गरीब को मिलेगा सस्ता और त्वरित न्याय” रूशदी मियां

मुख्य अतिथि अब्बास अली जैदी ने अपने संबोधन में कहा कि रुदौली विधानसभा का टिकट पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय किया जाएगा और सभी कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनाव में जुटना होगा।

उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गरीब, मजदूर और आम आदमी को न्याय पाने में भारी आर्थिक बोझ और प्रशासनिक बाधाओं का सामना करना पड़ता है।सपा सरकार बनने पर हर तहसील में अधिवक्ताओं के माध्यम से मेरिट के आधार पर सस्ता, त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त, भयमुक्त और पारदर्शी रुदौली बनाने का संकल्प दोहराया और अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील की।

जैसे ही रूशदी मियां ने रुदौली तहसील कार्यालय में माइक व्यवस्था के लिए ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, सभा में मौजूद अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

पूरा सभागार “समाजवादी जिंदाबाद”, “अखिलेश यादव जिंदाबाद”, “अब्बास अली जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। कई मिनट तक तालियों और नारों की आवाज से माहौल पूरी तरह जोशपूर्ण बना रहा।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।

उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा रहे हैं।विशिष्ट अतिथि पारस नाथ यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जनता को हर मुद्दे पर लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है—चाहे वह गैस सिलेंडर हो, नोटबंदी हो या पेट्रोल-डीजल की समस्या।

उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

उन्होंने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच हमेशा अधिवक्ताओं के सम्मान और उनके लिए बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने की रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार बनने पर अधिवक्ताओं की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी अतिथियों द्वारा नव मनोनीत अधिवक्ताओं को मनोनयन पत्र वितरित किए गए। इस दौरान अधिवक्ताओं का सम्मान कर उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

रुदौली में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल अधिवक्ताओं का सम्मान समारोह रहा, बल्कि इसे समाजवादी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।भारी भीड़, जोशपूर्ण नारेबाजी और 2027 चुनाव को लेकर स्पष्ट रणनीति ने यह संकेत दिया कि क्षेत्र में सपा संगठन तेजी से सक्रिय हो रहा है और आगामी चुनावों के लिए मजबूत तैयारी कर रहा है।

- प्रदीप यादव 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0